मिस यूनिवर्स इंडिया मनिका विश्वकर्मा पहुंची पटना, चखेंगी लिट्टी-चोखा का स्वाद, लड़कियों को दिया प्रेरणादायी संदेश
मिस यूनिवर्स इंडिया 2025' मनिका विश्वकर्मा पहली बार बिहार की धरती पर उतरीं
पटना: पटना के जयप्रकाश नारायण अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आज उस वक्त रौनक बढ़ गई, जब 'मिस यूनिवर्स इंडिया 2025' मनिका विश्वकर्मा पहली बार बिहार की धरती पर उतरीं। अपने तीन दिवसीय बिहार दौरे पर आईं मनिका का स्वागत पारंपरिक अंदाज़ और फूलों के गुलदस्तों के साथ किया गया। प्रशंसकों की भारी भीड़ और मीडिया के कैमरों के बीच मनिका काफी उत्साहित नज़र आईं।
मीडिया से मुखातिब होते हुए राजस्थान की रहने वाली मनिका ने बताया कि वे बिहार की समृद्ध संस्कृति को करीब से देखने आई हैं। उन्होंने विशेष रूप से बिहार के मशहूर व्यंजन 'लिट्टी-चोखा' के प्रति अपनी उत्सुकता जाहिर की और कहा कि उन्होंने अब तक इसे नहीं खाया है, इसलिए वे इसका अनुभव लेने के लिए बेहद उत्साहित हैं। मनिका ने बिहार को भारतीय संस्कृति का केंद्र बताते हुए कहा कि थाईलैंड में जिस बुद्ध धर्म की चर्चा होती है, उसकी जड़ें भी इसी मिट्टी से जुड़ी हैं।
बिहार के सांस्कृतिक विरासत की जमकर सराहना
मनिका ने कहा कि यह उनकी पहली बिहार यात्रा है और यहां के लोगों की गर्मजोशी ने उनका दिल जीत लिया है. उन्होंने कहा कि बिहार की मेहमाननवाजी वाकई खास है और उन्हें यहां आकर बहुत अच्छा लग रहा है. मनिका ने बिहार के ऐतिहासिक महत्व और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की जमकर सराहना की. मनिका ने कहा कि भारत की संस्कृति की जड़ें इसी मिट्टी से जुड़ी हैं. उन्होंने थाईलैंड में आयोजित मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता के दौरान बौद्ध धर्म के प्रतिनिधित्व का जिक्र करते हुए कहा कि इसकी शुरुआत भी बिहार से ही हुई थी.
राजस्थान से आने वाली मनिका ने बिहार और छोटे शहरों की लड़कियों के लिए खास संदेश दिया. उन्होंने कहा कि मॉडलिंग और पेजेंट इंडस्ट्री अभी हर राज्य में उतनी लोकप्रिय नहीं है, लेकिन सपने देखने और उन्हें पूरा करने का हक हर किसी को है. उन्होंने लड़कियों से कम से कम एक बार अपने सपनों को पूरा करने की कोशिश जरूर करने की अपील की.
dhananjaykumarroy